– अपने पत्र में विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय जांच एजेंसियों पर उठाए थे सवाल
लखनऊ, 09 मार्च। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष के उन नेताओं पर हमला बोला है जिन्होंने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर जांच एजेंसियों की कार्य पद्धति पर सवाल उठाते हुए विपक्षी नेताओं को फंसाने का आरोप लगाया था।
उप मुख्यमंत्री पाठक ने गुरुवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से कहा कि वह सभी नौ नेता खुद भ्रष्टाचार के आरोप में फंसे हैं और अपना बचाव करने के लिए यह हथकंडा अपना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव समेत पूर्ववर्ती सपा की सरकारों को कटघरे में खड़ा किया है।
पाठक ने कहा कि पांच मार्च को नौ विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां गलत तरीके से कार्य कर रही हैं। पाठक ने कहा कि उन सभी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। कदाचार के आरोप हैं। उसमें सपा के मुखिया भी हैं। भ्रष्टाचार के दल-दल में सपा की सारी सरकारें आकंठ डूबी रही हैं। गोमती रिवर फ्रंट घोटाला, जेपीएनआईसी घोटाला हमें आज भी याद है। सपा सरकार में 97 हजार करोड़ से अधिक का खाद्यान्न घोटाला हुआ। सपा सरकार में ही खनन घोटाला हुआ। अखिलेश सरकार के खनन मंत्री अभी तक जेल में हैं। उनकी सरकार में लैपटॉप घोटाला हुआ है। हम सब जानते हैं कि खाद्यान्न घोटाले की सीबीआई जांच चल रही है। पुलिस भर्ती घोटाला भी सपा सरकार में हुआ था। समाजवादी पेंशन घोटाला हुआ था। सपा के लोगों ने अपने कार्यकर्ताओं को अपने लोगों को पेंशन का लाभ दिलाया था। यूपीपीएससी में भी घोटाला हुआ। उप्र लोक सेवा आयोग को एक जाति का आयोग बनाकर रख दिया था। उन्होंने कहा कि इत्र के मित्र के बारे में चुनाव से पहले आप सबने सुना ही था। अरबों रुपये मिले थे।
पाठक ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव भ्रष्टाचार के कुलभूषण हैं। उन्हें घाटाले में पुरस्कार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सबको पता है कि सपा शासन में जब-जब भर्तियां हुई हैं, तब तब घोटाले हुए हैं। उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि इस प्रकार मैं कह सकता हूं कि विपक्षी नेता खुद को बचाने के लिए आरोप लगा रहे हैं। हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार कानून का राज स्थापित कर रही है। हमारी सरकार का यही दावा प्रदेश की जनता के बीच लगातार विश्वास बढ़ा रहा है। 2014 से हर चुनाव में राज्य की जनता भाजपा पर भरोसा जता रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को कभी छोड़ा नहीं जाएगा।