यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव होंगी ।
दरअसल, मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी सीट खाली हुई थी। मैनपुरी सीट पर यादव परिवार का कई दशकों से कब्जा है। इसके लेकर चर्चांए भी तेज थी कि मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत कौन संभालेगा। अब सपा ने घोषणा कर दी है कि अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मुलायम की सीट पर चुनाव लड़ेंगी।
लगातार चुनाव हार रही समाजवादी पार्टी के लिए यहां अग्निपरीक्षा होने जा रही है। मैनपुर सपा का गढ़ रहा है, लेकिन जानकारों का कहना है कि अखिलेश यादव के लिए इस बार लड़ाई इतनी आसान नहीं रहने वाली है। कहा जा रहा है कि चाचा शिवपाल यादव मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। चर्चा है कि भाजपा यहां मुलायम सिंह यादव की दूसरी बहू अपर्णा यादव को मैदान में उतार सकती हैं। पिछले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया था।
मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त घोषित की गई है। यह सीट 1996 से सपा के पास है। पांच बार मुलायम सिंह यादव और दो बार बलराम सिंह यादव यहां से चुनाव जीत चुके हैं। उप चुनाव जीतना सपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। अखिलेश यादव इसी को ध्यान में रख कर राजनीतिक समीकरण बैठाने में जुटे हैं।
मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव कराए जाएंगे। भाजपा इस चुनाव को लेकर उत्साहित है क्योंकि मोदी-योगी की पार्टीा ने इसी साल सपा के गढ़ रहे आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट को अपने नाम किया है।
लोकसभा उपचुनाव के लिए आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। 10 नवंबर से ये नामांकन प्रक्रिया 17 नवंबर तक चलेगी। नामांकन के दौरान कोई समस्या न हो, शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए जिला प्रशासन देर रात तक तैयारियां करता रहा। डीएम, एसपी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ संयुक्त और अलग-अलग बैठकें की है। कलक्ट्रेट को सील कर दिया गया है। प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक ही प्रवेश कर पाएंगे।
डिंपल यादव इससे पहले कन्नौज की सांसद रह चुकी हैं. डिंपल ने अपनी पढ़ाई बठिंडा, पुणे और अंडमान निकोबार द्वीप समूह से पूरी की है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से वाणिज्य संकाय में अपनी स्नातक की पढ़ाई पूर्ण की। 21 वर्ष की आयु में डिम्पल यादव का विवाह अखिलेश यादव से हुआ। वर्ष 2009 में, फिरोजाबाद लोकसभा क्षेत्र के उप-चुनाव के दौरान राज बब्बर के खिलाफ डिम्पल यादव को हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2012 में, लोकसभा उपचुनाव के दौरान कन्नौज निर्वाचन क्षेत्र से डिम्पल यादव सांसद चुनी गईं।