गाजियाबाद (Ghaziabad) में शुक्रवार को अपर जिला के जज योगेश कुमार का शव पंखे से लटका मिला है। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने खुदकुशी की है। आत्महत्या की जानकारी मिलते ही मजिस्ट्रेट को तुरंत यशोदा अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय योगेश कुमार मूल रूप से मेरठ के रहने वाले थे और उनकी पहली पोस्टिंग 2020 में हुई थी। फिलहाल गाजियाबाद के अपर जिला जज और सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या 9 में वह तैनात थे। न्यायाधीश योगेश कुमार सिहानी गेट इलाके की ईस्ट मॉडल टाउन में स्थित जज रेजिडेंसी में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सुचिता शर्मा और बेटा मनु शर्मा (15 वर्ष) और बेटी नंदिनी (12 वर्ष) हैं।
शुक्रवार को सुबह जब घर के कमरे में पंखे से उनके शव को संदिग्ध हालात में लटका देखा गया तो घर में अन्य मौजूद लोगों के होश उड़ गए। इसकी सूचना आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को दी गई। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। उनके शव के पास से किसी तरह का सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।