लखनऊ में तीन दिन से हो रही भारी बारिश के बीच शुक्रवार तड़के 3 बजे बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ कैंट स्थित दिलकुशा में दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। इसमें दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी बारिश के कारण लोगों को इस प्रकार की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
दिलकुशा इलाके में निर्माणाधीन इमारत में 9 मजदूरों की मौत का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली गई। दरअसल, भारी बारिश के कारण इस तरह की घटना घटने की बात कही जा रही है। चहारदीवारी की नींव कमजोर होने के कारण भारी बारिश दीवार झेल नहीं पाई और गिर गई। इसमें दबकर 9 लोगों की मौत हो गई। इसमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही लखनऊ डीएम सूर्यपाल गंगवार घटनास्थल पर पहुंचे। घटना का जायजा लेने के बाद उन्होंने इस प्रकार की घटना की जांच की बात कही है। DM सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि सभी मृतक और घायल झांसी जिले के पचवारा के रहने वाले हैं। डीएम ने बताया कि दुर्घटना कल रात से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन दीवार गिरने से हुई। दो घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों ने दोनों को खतरे के बाहर बताया गया है।
डीएम ने सिविल अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। डॉक्टरों को निर्देश दिया कि घायलों को उच्च स्तर का इलाज कराया जाए। सीएम ने भी घायलों को बेहतर इलाज कराने का निर्देश दिया है।
वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में मृत लोगों को लेकर संवेदना जाहिर की है। उन्होंने घटना में मृत परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम योगी ने घायलों के फ्री उपचार की व्यवस्था का निर्देश दिया है।