उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के सातों चरणों का मतदान हो चुका है। कल शाम आए ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाती दिख रही है। इस बीच आत्मविश्वास से भरे भाजपा के एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने प्रण ले लिया है कि यदि यूपी में उनकी पार्टी की सरकार नहीं बनती है तो वह प्रदेश छोड़कर चले जायेंगे।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सुरेंद्र चौधरी ने दावा किया कि भाजपा यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने काफी काम किए हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता की खूब सेवा की है। निश्चित ही जनता उन्हें दोबारा सीएम बनाएगी। इसी के साथ उन्होंने दावा किया कि यदि यूपी में भाजपा की सरकार नहीं बनती है तो वह प्रदेश छोड़कर चले जाएंगे।
सुरेंद्र चौधरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से की थी। वह 2014 में बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए थे। सुरेंद्र चौधरी भाजपा के मंडल प्रभारी भी रह चुके हैं। वह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य भी थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा से अपना नामांकन किया था। हालांकि अपना दल से समझौते के बाद उन्होंने दावेदारी छोड़ दी थी।