उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान भले ही समाप्त हो चुका हो, लेकिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव महिलाओं के मुद्दों को लेकर अपने साथ महिलाओं को जोड़ने का प्रयास लगातार कर रही हैं। यही कारण है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन प्रियंका गांधी के नेतृत्व में महिला मार्च निकाला गया। करीब तीन किलोमीटर के इस महिला मार्च में शामिल होने वाली कुछ महिलाओं को कांग्रेस की तरफ से स्कूटी तथा स्मार्ट फोन का भी ऑफर है।
कांग्रेस कमेटी की तरफ से 8 मार्च यानी आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ महिला मार्च को आयोजित किया गया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में होने वाले इस मार्च में उत्तर प्रदेश में विधान सभा का चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस की 159 महिला प्रत्याशी शामिल हुईं। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ इस मार्च में शिरकत करने के लिए पूरे देश से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
ढोल, नगाड़ों के बीच लड़की हूं लड़ सकती हूं गाने के साथ करीब 2 बजे महिला मार्च तब शुरू हुआ, जब प्रियंका गांधी 1090 चौराहे पर पहुंचीं। उसके बाद ढोल नगाड़ों के बीच लड़की हूं सकती हूं गाने के साथ रैली सिकंदरबाग चौराहे की तरफ बढ़ चली। प्रियंका गांधी के साथ चलने के लिए महिलाएं कदम से कदम मिला रही थी। भारी तादाद में पहुंची महिलाएं किसी कीमत पर पीछे रहना नहीं चाहती थीं।
यह रैली 1090 चौराहे से शुरू हुई और करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित सिकंदराबाग चौराहे पर सामाप्त हुई। सिकंदरबाग चौराहे पर पहुंचकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीरांगना उदा देवी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रणाम किया। प्रियंका गांधी ने जिस तरह से आज की रैली का नेतृत्व किया है, साथ ही इस रैली में जिस तरह से चिकित्सा,शिक्षा तथा समाजसेवा के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं ने हिस्सा लिया है, उसे देख कर जानकार इसे महिलाओं की एकजुटता का बड़ा संदेश मान रहे हैं।