तेलंगाना में बीजेपी विधायक टी राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। टी राजा सिंह पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। हैदराबाद सिटी टास्कफोर्स और शाहीनयथगंज पुलिस ने टी राजा सिंह को गिरफ्तार किया है। बीजेपी विधायक ने कथित तौर पर पैगम्बर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद लोगों में काफी आक्रेश था। हैदराबाद में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।
मुसलमानों के खिलाफ अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर विधायक राजा सिंह ने इस बार नाम लिए बिना पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी की है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुस्लिम समुदाय के लोग सड़क पर उतरकर विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में कई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है। राजा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। शहर के पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे हुए थे।
असदुद्दीन ओवैसी का बयान
भाजपा विधायक की टिप्पणी पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा मुस्लिमों और पैगंबर मोहम्मद से नफरत करती है। ओवैसी ने कहा, मैं भाजपा विधायक के बयान की निंदा करता हूं, ये लोग हैदराबाद में शांति कायम होते नहीं देखना चाहते। उन्होंने कहा ये लोग भारत के सामाजिक ताने-बाने को तबाह करना चाहते हैं।
ओवैसी ने कहा, हमसे राजनीतिक लड़ाई जरूर लड़ो, लेकिन इस तरह नहीं। उन्होंने आगे कहा, अगर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा इस तरह के बयानों का समर्थन नहीं करती है, तो उन्हें इस पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ‘सर तन से जुदा’ नारे की भी आलोचना करते हुए कहा, किसी को कानून को अपने हाथों में लेने का अधिकार नहीं है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था वीडियो
भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो को लेकर उन्होंने पैगंबर मोहम्मद को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की थी। यह पूरा विवाद छह मिनट तैंतीस सेकंड के वीडियो से जुड़ा है। उन्होंने विवादों में रहने वाले कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को निशाना बनाते हुए टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा, ”एक कॉमेडियन है जो थर्ड क्लास कॉमेडी करता है और हिंदुओं, भाजपा के बड़े अधिकारियों को टारगेट करता है। भगवान रामचंद्र और सीता मैया के बारे में अपशब्द कहता है…।”
आरोप है कि इस वीडियो में उन्होंने अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं। बाद में वे वीडियो में कह रहे हैं, ”जो जिस भाषा में सुनेगा, उसे टी राजा सिंह उसी भाषा में जवाब देगा। मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था, लेकिन इसकी वजह है कि एक व्यक्ति ने मेरे राम और मेरी सीता माता के बारे में अपशब्द कहे और हमारे भगवानों पर कॉमेडी की। इसलिए आज मजबूरन मुझे भी ये कॉमेडी करनी पड़ रही है। …विचार करें।” इसके बाद टी राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है।