दुनियाभर में प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन (TIMES Magazine) के दिसंबर 2020 (December 2020) के कवर पेज पर किसी हस्ती की तस्वीर नहीं बल्कि 2020 को रेड क्रॉस ‘X’ से दर्शाया गया है। टाइम मैगजीन के 100 सालों के इतिहास में यह पांचवां मौका है, जब इस तरह का कवर पेज जारी किया गया है।
टाइम मैगजीन ने 75 साल पहले पहली बार 1945 में जर्मनी (Germany) के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर (Adolf Hitler) की मौत को चिह्नित करने के लिए रेड क्रॉस (Red ‘X’) के निशान इस्तेमाल किया था। दूसरी बार 2003 में इराक युद्ध (Iraq War) की शुरुआत में मैगजीन ने रेड क्रॉस लगाया। वहीं, तीसरी बार 2006 में अमेरिकी सेना द्वारा इराक में अल-कायदा के आतंकी अबू मौसब अल-जरकावी (Abu Musab al-Zarqawi) को मौत के घाट उतारे जाने के बाद रेड क्रॉस लगाया। जबकि, साल 2011 में चौथी बार आतंकी ओसामा बिन लादेन (Osama Bin Laden) की हत्या के बाद मैगजीन ने रेड क्रॉस का इस्तेमाल किया था।
इस बार क्यों लगाया Red ‘X’
इस साल 2020 में कोरोना महामारी (Coronavirus Epidemic) ने पूरी दुनिया में हाहाकार मचा कर रखा है। कोरोना वायरस महामारी ने जहां कई देशों की अर्थव्यवस्था को झकझोर दिया तो लाखों लोगों की जान ले ली। करोड़ों लोगों को बीमार किया। जाने कितने लोगों को बेरोजगार और बेघर किया। कोरोना महामारी ने हर किसी के जीवन को पूरी तरह से बदलकर रख दिया है। 2020 में पूरी दुनिया कोरोना वायरस (Coronavirus) से लड़ी है। जिस तरह टाइम मैगजीन (TIMES Magazine) ने स्वीकार किया कि लादेन की 2 मई 2011 में मौत ‘एक युग का अंत था, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ हमारे संघर्ष का अंत नहीं’।
ठीक इसी तरह टाइम का दिसंबर 2020 में X का इस्तेमाल एक अंत का प्रतीक है, लेकिन इस घातक वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लड़ाई का अंत नहीं। बता दें TIME ने द्वितीय विश्व युद्ध (World War 2) से लेकर आतंकवाद के खिलाफ युद्ध तक ‘एक लंबे संघर्ष के अंत’ के प्रतीक के लिए रेड क्रॉस ‘X’ का इस्तेमाल किया है।