रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव से 30 किलोमीटर पीछे है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को ये जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना लगातार आगे बढ़ रही है। हालांकि यूक्रेनी सेना ने भी रूसी सेना को कड़ी चुनौती दे रखी है।
ब्रिटेन का कहना है कि यूक्रेन के एयरस्पेस पर रूस का अभी तक पूरा नियंत्रण नहीं हुआ है। खुफिया जानकारी के हवाले से ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि रूस की वायु सेना को नुकसान हुआ है। उनकी प्रभावशीलता कम हुई है।
ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने कहा, “रूसी सेना ने कीव की ओर अपनी चढ़ाई जारी रखी हुई है और वे मुख्य शहर के केंद्र से अब 30 किमी दूर हैं। वहीं यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने पूरे देश में रूसी सेना के खिलाफ कड़ा प्रतिरोध जारी रखा है।”
बता दें कि इससे पहले ब्रिटेन ने रूस की उन खबरों पर संदेह जताया था जिनमें कहा गया था कि रूसी सेना ने मेलिटोपोल के दक्षिणपूर्वी शहर पर कब्जा कर लिया है। ब्रिटेन ने कहा, “रूस ने अभी तक यूक्रेन के हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण हासिल नहीं किया है, जिससे रूसी वायु सेना की प्रभावशीलता बहुत कम हो गई है। रूसी सैनिकों के मरने की संख्या भारी और क्रेमलिन द्वारा प्रत्याशित या स्वीकार किए जाने से अधिक होने की संभावना है।”
रूस के पैराट्रूपर्स शुक्रवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में आसमान से उतरे थे और कीव एयरपोर्ट समेत कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर कब्जा कर लिया था। शनिवार को रूसी सेना ने मिसाइलों से कीव पर भारी हमला किया। कीव की सड़कों पर यूक्रेन और रूस के सैनिकों के बीच भीषण लड़ाई हो रही है। कीव में रूसी सेना को यूक्रेन की सेना से कड़ी टक्कर मिली है। इसके चलते उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
रूस द्वारा किए गए हमले से अबतक यूक्रेन के 198 आम लोगों की मौत हुई है। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। 33 बच्चों सहित 1,115 लोग घायल हुए हैं। रूसी सेना ने कीव पर मिसाइल और तोपखाने से भारी हमला किया था। सिटी सेंटर में स्थित सरकारी भवनों के पास गोलियां चलीं।
यूक्रेन के अधिकारियों ने नागरिकों से रूसी सेना को आगे बढ़ने से रोकने में मदद करने का आग्रह किया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि रूसी सेना ने काला सागर से सूमी, पोल्टावा और मारियुपोल शहरों में क्रूज मिसाइलें दागीं और दक्षिणी शहर मारियुपोल के पास भारी लड़ाई हुई।