ट्विटर की वेबसाइट पर भारत का गलत नक्शा दिखाने के मामले मे ट्विटर इंडिया के MD मनीष माहेश्वरी के खिलाफ यूपी के बुलंदशहर में केस दर्ज किया गया है। टि्वटर द्वारा भारत का एक ऐसा मानचित्र पेश किया गया जिसमें जम्मू कश्मीर और लद्दाख को भारत में नहीं बल्कि अलग देश के तौर पर चिन्हित किया गया।
बजरंग दल के नेता प्रवीण भाटी की तरफ से की गई शिकायत पर पुलिस ने माहेश्वरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 505(2) और आईटी(संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 74 के तहत केस दर्ज किया है। नए IT नियमों को लेकर पहले से चल रहे टकराव के बीच ट्विटर के खिलाफ उत्तर प्रदेश में इस महीने ये दूसरी FIR दर्ज हुई है। इससे पहले दर्ज हुए एक केस में माहेश्वरी को पिछले हफ्ते कर्नाटक हाईकोर्ट से राहत मिल गई थी, लेकिन UP पुलिस ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे दी है।
पहले सोशल मीडिया गाइड लाइन को लेकर सरकार से पंगा लेना, फिर यूपी के गाजियाबाद जिले के लोनी मे एक बुजुर्ग मुस्लिम की पिटाई का फेक वीडियो वायरल करना और अब भारत के नक्शे को तोड़-मरोड़कर वेबसाइट पर पोस्ट करना Twitter इंडिया के लिए मुसीबत बन गया है।
Twitter की इस बड़ी गलती या हरकत को @thvaranam के नाम के यूजर ने सबसे पहले नोटिस किया था। इसके बाद जब यह मामला वायरल हुआ, तो Twitter लोगों के निशाने पर आ गया। यह पोस्ट 28 जून 2021 की सुबह 10:38 बजे शेयर की गई थी। भारत के नक्शे से छेड़छाड़ से नाराज केंद्र सरकार भी Twitter इंडिया को नोटिस भेजने जा रही है। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।
Twitter पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। अक्टूबर 2020 में भारत के लद्दाख के इलाके वाले क्षेत्र लेह को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (PRC) का हिस्सा बताकर Twitter विवाद में आ गया था। तब केंद्र सरकार ने ट्विटर के CEO जेक डोरसे को चेतावनी दी थी।