उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली है। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने आज सुबह 8.16 पर अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वह वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि मेरे आदरणीय पिता जी और आप सबके नेताजी नहीं रहे। मुलायम सिंह के निधन की जानकारी मिलते ही पूरे यूपी में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुलायम सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रदेश में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को अस्पताल से सैफई ले जाया जा रहा है. कल दोपहर 3 बजे सैफई में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के लिए सैफई में तैयारियां शुरू हो गई हैं. प्रशासन तैयारियों में लगा है तो वही मुलायम सिंह के आवास के आसपास सुरक्षा का घेरा बढ़ा दिया गया है.
बता दें कि 22 अगस्त को मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। मुलायम सिंह को एक अक्तूबर की रात को आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। मुलायम सिंह यादव का मेदांता के एक डॉक्टरों का पैनल इलाज कर रहा था। मेदांता अस्पताल ने रविवार को ही उनका हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया था कि वह आईसीयू में भर्ती हैं। जहां विशेषज्ञों की टीम लगातार नेता जी की निगरानी कर रह रही है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया था कि उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। उनकी हालत नाजुक है, इसलिए उन्हें जीवन रक्षक दवाओं पर रखा गया है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
पीएम मोदी ने आगे लिखा, मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया ट्वीट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे और उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। उन्होंने कहा, “मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई।” उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
प्रियंका गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
किसान परिवार में हुआ था जन्म
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था. उनके पिता सुघर सिंह यादव एक किसान थे। मुलायम सिंह यादव मौजूदा वक्त में मुलायम सिंह मैनपुरी सीट से लोकसभा सांसद हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति हो देश की राजनीति, मुलायम सिंह यादव को प्रमुख नेताओं में गिना जाता हैं. वे तीन बार UP के सीएम रहे और वो केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा मुलायम सिंह 8 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद भी चुने जा चुके हैं।
मुलायम सिंह यादव ने दो शादियां की थीं. उनकी पहली पत्नी, मालती देवी की मृत्यु मई 2003 में हुई, वह अखिलेश यादव की मां थी. मुलायम ने दूसरी शादी साधना गुप्ता से की। मुलायम सिंह और साधना के बेटे का नाम प्रतीक यादव है. हाल ही में साधना का निधन हो गया था।