महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के हरिहरेश्वर तट पर गुरुवार सुबह 8 बजे के करीब समुद्र में एक संदिग्ध बोट मिली। बोट से तीन AK-47 और बुलेट्स बरामद किए गए। हरिहरेश्वर तट से करीब 32 किलोमीटर दूर भारदखोल में एक लाइफ बोट भी मिली, जिसके बाद आतंकी साजिश की आशंका जताई गई।
पुलिस ने बोट को रस्सी के सहारे किनारे खींचा। इसमें काले रंग के बॉक्स में AK-47 और गोलियां थीं। पुलिस ने बताया कि जिस बॉक्स में हथियार रखे हुए थे, उस पर अंग्रेजी में नेप्च्यून मैरिटाइम सिक्योरिटी लिखा हुआ है। यह कंपनी ब्रिटेन की है। हथियारों की बरामदगी के बाद जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है. हालांकि नाव पर विस्फोटक मिलने के बाद डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) का बयान सामने आया है.
रायगढ़ के एसपी अशोक धुधे ने हरिहरेश्वर बीच के पास नाव में एके 47 मिलने की पुष्टि की। उन्होंने इस बारे में कोई अन्य जानकारी साझा नहीं की कि नाव स्पीड बोट थी या कोई अन्य नाव। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “यह पता चला है कि इस बोट की मालिक एक ऑस्ट्रेलियन महिला है। उसके पति इस बोट के कप्तान हैं। नाव मस्कट से यूरोप जा रही थी। 26.6.2022 को इस बोट का इंजन खराब हुआ था। बोट पर सवार लोगों ने मदद मांगी थी। कोरियन नेवी की बोट आसपास थी। कोरिया की नेवी ने बोट में सवार सभी लोगों का रेस्क्यू किया और उन्हें ओमान के हवाले कर दिया।”
फडणवीस ने कहा, “हाईटाइड होने के चलते नाव को खींचा नहीं जा सका। हाईटाइड के चलते नाव महाराष्ट्र की ओर आ गई और किनारे पर लगी। भारतीय कोस्टगार्ड ने इस जानकारी की पुष्टि की है। हमने हाईअलर्ट रखा हुआ है। नाकाबंदी भी की गई है। त्योहार का समय है। ऐसे में कोई भी रिस्क नहीं लिया जा सकता। बोट के बरे में पुख्ता जानकारी हमारे पास आ गई है। आतंकी एंगल के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। ऐसे मामलों में किसी भी एंगल को जांच से हटाया नहीं जा सकता।”
एटीएस प्रमुख विनीत अग्रवाल ने कहा कि वे इस मामले को आतंकी एंगल से देख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम आतंकी एंगल से भी देख रहे हैं। हम जांच कर रहे हैं। नाव ओमान में पंजीकृत प्रतीत होती है। यह एक आधिकारिक नाव प्रतीत होती है, जिसकी हम जांच कर रहे हैं। यह आतंकवाद के उद्देश्य के लिए भी हो सकता है। यह किसी और देश का हो सकता है। यह एक परित्यक्त नाव है, हम सभी संभावनाओं की तलाश कर रहे हैं।”