मुंबई, 24 फरवरी (हि. स.)। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे ) गुट के उल्हासनगर शहर प्रमुख दिलीप गायकवाड़ शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। इससे ठाणे जिले में उद्धव ठाकरे को करारा झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार दिलीप गायकवाड़ अपने समर्थकों सहित शुक्रवार को सादे समारोह में शिवसेना में प्रवेश लिया है। दरअसल, इससे पहले उल्हासनगर के पूर्व शहर प्रमुख राजेंद्र चौधरी शिंदे शिवसेना में शामिल हो गए थे। उसके बाद दिलीप गायकवाड़ को ठाकरे समूह के शहर प्रमुख का पद पर नियुक्त किया गया था, लेकिन उद्धव ठाकरे के नए उल्हासनगर शहर प्रमुख ने भी उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शहर प्रमुख दिलीप गायकवाड़ के साथ पूर्व पार्षद ज्योति दिलीप गायकवाड़, संभाग संयोजक सुनील दबडे, अनुमंडल प्रमुख हरीशचंद्र ओवलेकर, उप नगर संगठक आनंद सावंत भी शिवसेना में शामिल हुए हैं।