पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने कई राज्यों में ठंड बढ़ा दी है. उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं के कारण राजस्थान (Rajasthan) के अनेक इलाके शीतलहर की चपेट में हैं जहां रात का पारा एक डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है।
बीती शुक्रवार रात राज्य के फतेहपुर व चुरू में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में शून्य से नीचे (-) 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं पड़ोस के चुरू में यह (-) 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नागौर में रात का न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री, संगरिया व सीकर में 0.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.0 डिग्री, गंगानगर में 1.1 डिग्री, पिलानी में 1.9 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। जबकि अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री से लेकर 24.2 डिग्री के बीच है।
वहीं राजधानी जयपुर (Jaipur) में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के अनेक इलाकों में आगामी दिनों में तीव्र शीत लहर चलने का ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया। मौसम में आए बदलाव का असर सामान्य जनजीवन पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तरी पर्वतीय राज्यों-उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी के कारण वहां से आ रही ठंडी हवाओं के चलते उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने शुक्रवार को देश के अधिकतर हिस्सों में शनिवार से तापमान में गिरावट आएगी और अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
साहा ने बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों सहित एवं भोपाल, उज्जैन, शाजापुर, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी एवं बालाघाट जिलों में शनिवार सुबह हल्का या मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में इन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने और राज्य में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
बता दें कि उत्तर भारत के पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। उत्तराखंड के बदरीनाथ, केदारनाथ समेत अन्य चोटियों में बर्फबारी दर्ज हो रही है और निचले इलाकों में सर्द हवाएं दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। वहीं, हिमाचल में अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल में बर्फीले तूफान ने वाहन चालकों समेत पुलिस कर्मचारियों की दिक्कत भी बढ़ा दी। वहीं मनाली के साथ लगते सोलंगनाला में हिमपात के कारण 500 से अधिक पर्यटन वाहन भी फंस गए थे।
जम्मू (Jammu) भी इस वक्त कोहरे की चादर से ढका हुआ है। लोगों की ठिठुरन बढ़ गई है। पिछले दो दिन से ठिुठर रहे जम्मू संभाग में भीषण ठंड जारी है। जम्मू शहर व साथ लगते इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया जो सूर्य निकलने के साथ कम हुआ। बीते दिन भी पूरे दिन शीतलहर के चलते लोग ठिठुरते रहे।