मनपा आयुक्त ने लगाया होली पर प्रतिबंध
मुंबई। वसई-विरार क्षेत्र में तेजी से बढ़ते कोरोना के मामलों को लेकर वसई विरार मनपा आयुक्त ने होली मनाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। आयुक्त ने इसके लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। मनपा आयुक्त गंगाथरन डी. ने प्रतिबंध लगाते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त ने कहा कि फिर से कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लोगों को सतर्क व सावधानी बरतनी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर होली न मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
वसई विरार शहर मनपा क्षेत्र में पिछले 12 दिनों में 784 नए मरीज सामने आए हैं। प्रशासन की ओर से दो क्वारंटीन सेंटर शुरू किए गए हैं। मनपा की मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि रोजाना छह सौ लोगों की टेस्टिंग की जा रही है, इसलिए मामले बढ़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वसई विरार में पिछले 12 दिनों में 784 मरीज पाए गए, जबकि 498 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं। वहीं सात लोगों की मौत हुई है। अब तक वसई विरार में कुल 31743 मरीज पाए गए, जिनमें से 29890 ठीक होकर घर लौटे हैं। जबकि 907 लोगों ने जान गंवाई है। नालासोपारा में 380, विरार में 246, व वसई में 292 मरीज पाए गए हैं।
वसई विरार मनपा की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेखा वालके ने बताया कि बढ़ते संक्रमण को देखते हुए हमने वसई पूर्व वरुण इंडस्ट्रीयल में 12 सौ का बेड का क्वारंटीन सेंटर तैयार कर लिया है। इसमें डेढ़ सौ बेड ऑक्सीजन के हैं। साथ ही विरार पूर्व चंदनसार स्थित मनपा अस्पताल में छह सौ बेड है। वहां भी 24 घंटे ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।