उत्तर दिनाजपुर, 18 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना अंतर्गत मदीना चौक इलाके में शुक्रवार की रात दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी की घटना से तनाव फैल गया। गोलीबारी की इस घटना में घायल स्थानीय पंचायत सदस्य मोहम्मद खलील के भतीजे मोहम्मद आरिफ ने इस्लामपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि एक महिला सहित तीन अन्य जख्मी बताये गये हैं। उन्हें उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आरिफ की मौत की खबर फैलते ही तृणमूल के स्थानीय नेता इस्लामपुर अस्पताल पहुंच गये। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृत आरिफ के चाचा मोहम्मद खलील जैनगांव ग्राम पंचायत के सदस्य हैं। स्थानीय सूत्रों से पता चला है कि यह झड़प मोहम्मद खलील और पंचायत प्रधान मोहम्मद नजीर के बीच पुराने विवाद का नतीजा थी। हालांकि रात के अंधेरे में गोली किसने चलाई, इस बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। पीड़ितों ने दावा किया कि नाजीर के लोगों ने गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद गोवालपोखर थाने से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।