नई दिल्ली, 03 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राहुल गांधी की कोर्ट में पेशी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को सरल सहज भाव से पिछड़े वर्ग के अपमान पर माफी मांगनी चाहिए। खुद को ज्यादा बड़ा दिखाने से कुछ नहीं मिलने वाला है।
केन्द्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू और भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पार्टी पर एक परिवार को देश और कानून से ऊपर रखने का आरोप लगाया।
किरण रिजिजू ने कहा कि पहली बार किसी कांग्रेस नेता को कोर्ट से सजा नहीं मिली है। इससे पहले भी पीवी नरसिम्ह राव जैसे नेता कोर्ट से सजा पा चुके हैं लेकिन राहुल गांधी के मुद्दे पर कांग्रेस अलग से व्यवहार कर रही है। राहुल गांधी को लेकर पार्टी ड्रामा कर रही है ताकि न्यायालय पर दवाब बनाया जा सके।
उन्होंने कहा, “जब पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्ह राव को अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया तो कांग्रेस चुप थी। पी चिदंबरम और डीके शिवकुमार को भी समर्थन नहीं मिला, जो जमानत पर बाहर हैं। केवल राहुल गांधी के लिए कांग्रेस नाटक कर रही है, क्योंकि वे एक परिवार को भारत और उसके कानूनों से ऊपर मानते हैं।”
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सहज सामान्य से न्यायिक प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘लश्कर-ए-जर्रार’ लेकर पहुंचे। इसके पीछे राहुल गांधी की मंशा क्या थी, क्या वे अपने अहम का प्रदर्शन करना चाहते थे, क्या वे न्यायपालिका पर दवाब डालना चाहते थे, क्या वे जांच एजेंसियों को धमकाना चाहते थे।
उल्लेखनीय है कि दो साल की सजा पाए राहुल गांधी आज जमानत के लिए सूरत की अदालत के समक्ष पेश हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह पर स्वागत किया। उनके साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी थी।