दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थकों के साथ संबंध होने का आरोप लगाने वाले कुमार विश्वास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें Y कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। उनकी सुरक्षा में सीआरपीएफ (CRPF) के जवान भी तैनात रहेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आईबी की रिपोर्ट के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह फैसला किया है।
खुफिया एजेंसी के अनुसार खालिस्तान विवाद के चलते कुमार विश्वास को खतरा बढ़ गया था। दरअसल, आप के पूर्व नेता कुमार विश्वास ने पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि उनके संबंध खालिस्तान समर्थकों के साथ हैं। उन्होंने दावा किया था कि अरविंद केजरीवाल ने उनसे कहा था कि वह एक दिन या तो पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे या एक स्वतंत्र देश (खालिस्तान) के पहले प्रधानमंत्री।
विश्वास ने दावा किया था कि केजरीवाल को अलगाववादियों की मदद लेने में भी कोई परहेज नहीं है। पंजाब कोई राज्य नहीं है। पंजाब एक भावना है। पूरी दुनिया में पंजाबियत एक भावना है। ऐसे में एक ऐसा आदमी जिसे एक समय मैंने ये तक कहा था कि अलगाववादियों का साथ नहीं लीजिए। तो उन्होंने कहा था कि नहीं-नहीं हो जाएगा।
यह मामला सामने आने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के निवेदन पर गृह मंत्रालय कुमार विश्वास द्वारा अरविंद केजरीवाल पर लगाए गए आरोपों की जांच करा रही है। आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास के दावों को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के खत के जवाब में मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को मतदान होने वाला है। इससे पहले अरविंद केजरीवाल पर लगे खालिस्तान समर्थकों से संबंध रखने के आरोप के चलते राजनीतिक माहौल गर्म है।