जयंत पाटिल निकालेंगे ‘संवाद यात्रा’
17 दिनों में होगा 14 जिलों का दौरा
मुंबई। ग्राम पंचायत चुनाव की गहमा गहमी खत्म होने के बाद राकांपा ने 28 जनवरी से राष्ट्रवादी परिवार संवाद यात्रा निकालने की घोषणा की है। राकांपा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल इस यात्रा के दौरान विदर्भ और खानदेश का दौरा करेंगे। पाटिल 17 दिनों में 14 जिले, 82 विधानसभा क्षेत्र और कुल तीन हजार किलोमीटर की यात्रा करेंगे।
यह यात्रा का पहला चरण
यहां आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जयंत पाटिल ने कहा कि 28 जनवरी से राष्ट्रवादी परिवार संवाद यात्रा के पहले चरण की शुरुआत होगी। इस दौरान प्रमुख पदाधिकारियों के साथ 17 दिनों में 3 हजार किलोमीटर की यात्रा करते हुए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से संवाद कायम किया जाएगा। पाटिल ने कहा कि राकांपा ने हमेशा संवाद, समन्वय और पारदर्शी भूमिका निभाई है।
इसके पहले पार्टी ने कार्यकर्ताओं का मन टटोलने के लिए ‘एनसीपी ओपिनियन’ नामक एक डिजिटल अभियान शुरू किया था। जयंत पाटिल ने कहा कि राज्य में कार्यकर्ताओं ने अभियान का अच्छा प्रतिसाद दिया और सात लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने अभियान में अपने विचार दर्ज किए।
पार्टी को आगे बढ़ाने की रणनीति
उन्होंने कहा कि अब राकांपा ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए 17 दिन का यह कार्यक्रम आयोजित किया है। इसमें विदर्भ और खानदेश के 14 जिले, 82 विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के साथ 135 बैठकें तथा 10 सार्वजनिक सभा होगी।
इस यात्रा के दौरान गडचिरौली, चंद्रपुर, भंडारा, गोंदिया, यवतमाल, वाशिम, नागपुर, वर्धा, अमरावती, अकोला, बुलढाणा, जलगांव, धुले, नंदुरबार जैसे 14 जिले शामिल होंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और पार्टी को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई जाएगी। जल संसाधन विभाग के लंबित मुद्दों के संबंध में इस यात्रा के दौरान बैठकें की जाएंगी और मुद्दों को हल करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रफुल्ल पटेल सहित अन्य नेता भी होंगे शामिल
यह पहले चरण की राष्ट्रवादी परिवार संवाद यात्रा होगी। दूसरे चरण में राज्य के अन्य इलाकों में यात्रा निकाली जाएगी। पाटिल ने कहा कि यात्रा में उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रफुल्ल पटेल, गृह मंत्री अनिल देशमुख, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री डॉ राजेंद्र शिंगणे, राकांपा महिला प्रदेश अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, राकांपा युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महबूब शेख, राकांपा युवक कांग्रेस के रविकांत वर्पे आदि मौजूद रहेंगे।