दिल्ली के बाद अब महाराष्ट्र (Maharashtra) में किसानों का बड़ा जत्था हल्लाबोलने को तैयार है। मुंबई में किसान आंदोलन का आयोजन आजाद मैदान में किया गया है। राज्य के कोने-कोने से किसानों का जत्था मुंबई के आजाद मैदान पहुंचा है। रविवार की शाम हज़ारों की तादात में किसान यहां पहुंच चुके हैं।
मुंबई के आजाद मैदान (Azad Maidan) में जमा हुए हजारों की तादात में किसानों का हौसला बढ़ाने के लिए महाविकास अघाड़ी सरकार की स्थापना में मुख्य भूमिका निभाने वाले शरद पवार किसानों के बीच पहुंच चुके हैं। शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बाला साहेब थोराट भी आज आजाद मैदान पहुंचेंगे। किसानों की इस रैली को शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस के साथ-साथ लेफ्ट पार्टियां औरर आम आदमी पार्टी ने भी अपना समर्थन दिया है।
शरद पवार के आजाद मैदान पहुंचने पर मराठा क्रांति मोर्चा के लोगों ने भी उनके के लिए तख्तियां तैयार रखी थीं। जिनमें लिखा था शरद पवार जी इस तरफ भी ध्यान दीजिए। अब देखना यह है कि किसान मोर्चा में शरद पवार कौन सी नई रणनीति बनाएंगे? मुंबई के आजाद मैदान (Mumbai Azad Maidan) में महाराष्ट्र के कोने-कोने से इकट्ठा हुए किसान सोमवार को आजाद मैदान से लेकर राजभवन (Maharashtra Governor House) तक प्रोटेस्ट मार्च निकालने वाले हैं। इसमें (NCP Chief Sharad Pawar) शरद पवार समेत महाविकास अघाड़ी (Mahavikas Aghadi Leaders) के कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसान रैली के मद्देनजर पुलिस ने दक्षिण मुंबई स्थित आजाद मैदान और उसके आसपास के इलाकों की सुरक्षा की विशेष तैयारी की है और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है, इसके साथ ही ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रैली स्थल पर 100 अधिकारियों और 500 कांस्टेबल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी विश्वास नागरे पाटील के अनुसार दक्षिण मुंबई में किसी भी प्रकार का प्रोटेस्ट मार्च नहीं निकाला जा सकता है। यह आदेश बॉम्बे हाई कोर्ट की तरफ से जारी किया गया था। इसी आदेश का हवाला देते हुए पुलिस ने किसी भी प्रकार के प्रोटेस्ट मार्च को मंजूरी नहीं दी है।
पुलिस लगातार मोर्चा आयोजकों और तमाम नेताओं को यह समझाने-बुझाने में लगी है कि ऐसा करने पर कोर्ट के आदेश की अवमानना होगी। ऐसे में देखना यह होगा कि यह मोर्चा आजाद मैदान में ही रहेगा या फिर कोर्ट के आदेश को तोड़कर राजभवन तक किसान पहुंचेंगे।
किसान समर्थक संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने 23 जनवरी से 26 जनवरी तक राज्यों में राजभवन के समक्ष सहित पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। इसी के तहत महाराष्ट्र के करीब 100 संगठनों ने 12 जनवरी को मुंबई में हुई बैठक में संयुक्त शेतकारी कामगार मोर्चा का गठन किया। बयान के मुताबिक 25 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे आजाद मैदान में रैली शुरू होगी और शरद पवार के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट, पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे भी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारी राजभवन की ओर मार्च करेंगे और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को ज्ञापन सौपेंगे।