मुंबई। ठाणे जिले के राबोडी क्षेत्र में रविवार को एक चार मंजिली खत्री नामक जर्जर इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। ठाणे मनपा के उपायुक्त अशोक बुरपुल्ले ने बताया कि यह इमारत करीब 28 वर्ष पुरानी है। इसमें चौथी मंजिल का स्लैब सुबह करीब साढ़े पांच बजे के दरम्यान अचानक भरभरा कर नीचे गिरा था और इमारत के तीनों छतों को तोड़ता हुआ नीचे आया था।
घटनास्थल पर मनपा और फायर बिग्रेड की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी रही। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। घायलों को तत्काल निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 32 वर्षीय रमीज़ शेख और 40 वर्षीय गौस बाबूलाल तम्बोली ने दम तोड़ दिया।हादसे की खबर सुनकर ठाणे महापौर नरेश म्हस्के, स्थायी समिति अध्यक्ष संजय भोईर और नगरसेवक देसाई भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हादसे में घायल हुए 10 वर्षीय बच्चे फरहान मोहम्मद की हालत नाजुक बनी हुई है। इमारत से 75 निवासियों को बाहर निकाल लिया गया है।