कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। अब पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा है।
अश्विनी कुमार ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि, ‘इस मामले पर विचार करने के बाद मैंने यह निष्कर्ष निकाला है कि वर्तमान परिस्थितियों और अपनी गरिमा के अनुरूप मैं पार्टी के दायरे से बाहर रहकर राष्ट्रीय मुद्दों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकता हूं।’ उन्होंने आगे कहा कि 46 साल पार्टी से जुड़े रहने के बाद वह इस उम्मीद से पार्टी छोड़ रहे हैं कि स्वतंत्रता संग्राम द्वारा परिकल्पित लोकतंत्र के वादे को पूरा करने में वह सक्रिय रूप से आगे बढ़ते रहेंगे।
अश्चिनी कुमार पंजाब से राज्यसभा सांसद थे। ऐसे में 2022 विधानसभा चुनाव से पहले उनका इस्तीफा देना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। यह इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि अश्चिनी कुमार सोनिया गांधी के वफादार माने जाते थे। जी-23 नेताओं के समय में भी उन्होंने सोनिया गांधी का बचाव किया था।
हाल के दिनों में कांग्रेस पार्टी से कई युवा नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है। उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, सुष्मिता देव, प्रियंका चतुर्वेदी और ललितेशपति त्रिपाठी सरीखे नेताओं के नाम शामिल हैं। अश्विनी कुमार के इस्तीफा से पुराने नेताओं का भी पार्टी से मोहभंग होता दिख रहा है।