अक्षय तृतीया के मौके पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट आज शनिवार को आम दर्शनों के लिए खोल दिए जाएंगे। दोनों धामों के कपाट खोलने की प्रक्रिया तड़के से शुरू हो गई है।
अक्षय तृतीया पर्व पर शनिवार को गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:35 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:41 बजे खोले जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल व बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खोले जाएंगे। वहीं इसके साथ ही आज यानी 22 अप्रैल से चारधाम यात्रा का श्रीगणेश भी हो जाएगा।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने ऋषिकेश से 2200 यात्रियों के पहले जत्थे को गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए रवाना किया। बता दें कि 21 फरवरी से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हुआ। अब तक 16 लाख से अधिक यात्री पंजीकरण करा चुके हैं।
धामों में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू रहेगी। चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। इसके लिए आनलाइन के साथ ही आफलाइन का विकल्प भी रखा गया है।
श्रद्धालुओं की संख्या सीमित नहीं
इस बीच, प्रदेश सरकार ने चारों धामों बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में प्रतिदिन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रखने के निर्णय को वापस ले लिया गया है। संख्या निर्धारित करने को लेकर तीर्थ पुरोहितों के साथ ही चारधाम यात्रा मार्गों से जुड़े कारोबारियों के मध्य से विरोध के सुर उठ रहे थे। इसे देखते हुए सरकार ने फैसला वापस ले लिया है।
सरकार ने चारों धामों में प्रतिदिन दर्शन के लिए यात्रियों की संख्या निर्धारित कर दी थी। बदरीनाथ में प्रतिदिन 18000, केदारनाथ में 15000, गंगोत्री में 9500 व यमुनोत्री में 5500 प्रतिदिन की संख्या तय की गई थी। कुछ समय पहले तीर्थ पुरोहितों और चारधाम यात्रा मार्गों से जुड़े कारोबारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस सीमा को हटाने का आग्रह किया था।