पाकिस्तान के पेशावर में जुमे की नमाज के दौरान शक्तिशाली बम धमाका हुआ है। इसमें 30 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा घायल हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन आपात स्थिति में है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। बम विस्फोट की प्रकृति की जांच हो रही है। यह एक आत्मघाती हमला मालूम पड़ रहा है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए लेडी रीडिंग अस्पताल पहुंचाया गया है। बचाव दल के अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर कम से कम 15 एंबुलेंस मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक बम धमाका पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार (Qissa Khwani bazaar) इलाके में जामिया मस्जिद में उस समय हुआ जब नमाजी जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। यह एक शिया मस्जिद जो काफी व्यस्ततम इलाके में मौजूद है। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने मौके पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी भी की। इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। फायरिंग की घटना के बाद यह बम धमाका हुआ।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान में तालिबान के आने के बाद पाकिस्तान में आतंकी हमले बढ़ गए हैं। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इमरान खान सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।