मुंबई, 18 फरवरी (हि. स.)। रमेश बैस ने शनिवार को भगत सिंह कोश्यारी की जगह महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। बैस को यहां राजभवन में बाम्बे हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस वी गंगापुरवाला ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। खास बात यह कि रमेश बैस ने मराठी में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित उनके मंत्रिपरिषद के कई सदस्य मौजूद थे।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रमेश बैस को बधाई दी है। सीएम शिंदे ने कहा कि रमेश बैस ने पार्षद से विधायक, मंत्री और राज्यपाल पद तक का सफर तय किया है। उन्हें हर क्षेत्र का लम्बा अनुभव है। महाराष्ट्र को रमेश बैस के इस अनुभव का लाभ होगा। मैं रमेश बैश को महाराष्ट्र की जनता की ओर से बधाई देता हूं।
दरअसल, भगतसिंह कोश्यारी ने सितंबर 2019 में महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की थी लेकिन विपक्ष की ओर से उनकी मुखालफत किए जाने के बाद भगतसिंह कोश्यारी ने राज्यपाल पद से पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया था। भगतसिंह कोश्यारी शुक्रवार को ही विशेष विमान से देहरादून रवाना हो गए थे और शुक्रवार शाम को ही रमेश बैस मुंबई पहुंचे थे। रमेश बैस का स्वागत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था।