जापान में नए साल की शुरुआत भूकंप से हुई। भूकंप के समय साउथ के स्टार जूनियर एनटीआर जापान में थे। भूकंप के बाइ सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद वह भारत लौट आए हैं। उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट कर बताया है कि वह सुरक्षित भारत लौट आए हैं। जूनियर एनटीआर ने अपना पिछला सप्ताह जापान में बिताया था।
उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि वे देश में आए भूकंप से गहरे सदमे में हैं। उन्होंने लिखा, ‘जापान से आज घर लौटा हूं और भूकंप के झटकों से बहुत सदमे में हूं। पिछला पूरा सप्ताह वहां बिताया और प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। लोगों के लचीलेपन के लिए आभारी हूं और शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद करता हूं। जापान, मजबूत बने रहें।
उनके फैंस उनकी इस पोस्ट पर कमेंट कर जापान के हालात बेहतर होने की दुआ कर रहे हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार इशिकावा और आसपास के तटीय क्षेत्रों में भूकंप के कई झटके आए थे। इनमें से एक की तीव्रता सबसे अधिक रिक्टर स्केल पर 7.6 मापी गई।