नई दिल्ली, 05 जनवरी । पश्चिम बंगाल में जांच के लिए गए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) टीम पर हुए हमले की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निंदा करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है।
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल आज जंगल राज का पर्याय बन गया है। वहां जांच के लिए गए ईडी अधिकारियों पर टीएमसी के गुंडों और अवैध रूप से घुसपैठ करने वाले रोहिंग्याओं ने हमला किया। यह शर्मनाक घटना है। पश्चिम बंगाल ‘जंगल राज’ का पर्याय बन गया है। ममता बनर्जी की नाक के नीचे कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। इस घटना में दो से तीन ईडी अधिकारियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। पश्चिम बंगाल में अराजकता की पराकाष्ठा हो गई है लेकिन देश की जनता सब देख रही है। ममता बनर्जी को जनता से माफी मांगनी चाहिए। अगर वो ऐसा नहीं करती हैं तो जनता से उन्हें ऐसी चोट पड़ेगी कि राजनीति भूल जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस शर्मनाक घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। इसके साथ जिन अधिकारियों पर हमला हुआ है, उन अफसरों से माफी मांगनी चाहिए। यह देश भारतीयों के लिए है, अवैध घुसपैठियों के लिए नहीं है। ममता बनर्जी के लिए घुसपैठिए वोट बैंक हैं। कोई भी अवैध घुसपैठिया न कभी भारत का सगा था न कभी होगा। देश के कानून के तहत उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। जांच होनी चाहिए। सच सामने आएगा, जो भी आरोपित है किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि पहले तो ये ईडी के लैपटॉप छीने क्यों गए, ममता बनर्जी को घोटाले उजागर होने का डर सताने लगा होगा। उन्होंने आज खेला होबे मॉडल करके दिखा दिया है।