मुंबई, 05 जनवरी । भगवान श्रीराम के बारे में विवादित बयान देकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता जीतेंद्र आव्हाड के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की शिकायत पुणे के राकांपा शहर अध्यक्ष धीरज घाटे ने पुणे के विश्राम बाग पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है।
धीरज घाटे ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि जीतेंद्र आव्हाड की ओर से भगवान राम के बारे में विवादित बयान देने से समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। इसी वजह से आज उन्होंने आव्हाड के खिलाफ विश्राम बाग पुलिस में धारा 295 के तहत मामला दर्ज करवाया है।
जीतेंद्र आव्हाड ने अहमदनगर के शिरडी में राकांपा पदाधिकारियों के शिविर को संबोधित करते हुए कहा था भगवान राम बहुजनों के हैं। वे वनवास के समय शाकाहार नहीं करते थे, मांसाहार करते थे। इसके बाद भाजपा की ओर से गुरुवार को राज्यव्यापी आंदोलन किया गया था। भाजपा के विरोध करने पर जीतेंद्र आव्हाड ने खेद भी व्यक्त किया था, लेकिन पुणे में दर्ज मामले की छानबीन पुलिस कर रही है।