भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को बताया कि चक्रवाती तूफान ताउते का असर उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। चक्रवाती तूफान टाक्टे ( Cyclone Tauktae) के कारण देश भर में फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता नजर आ रहा है। इसके चलते देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी के आसार हैँ। यूपी, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
अरब सागर से उठा चक्रवात टाक्टे मंगलवार रात को और कमजोर पड़ गया है। लेकिन चक्रवात टाक्टे के कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर की बारिश होगी. तूफान टाक्टे गुजरात से निकलकर राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है। IMD ने मंगलवार को बताया कि टाक्टे के उत्तर भारत की ओर बढ़ने पर दक्षिणी राजस्थान में बारिश हुई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि का पूर्वानुमान है जिसके चलते भूस्खलन की चेतावनी दी है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
विभाग ने कहा है कि 22 मई के आसपास उत्तरी अंडमान सागर और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अगले 72 घंटों के दौरान तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके 26 मई के आसपास पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तटों तक पहुंचने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवात ‘ताउते’ सोमवार की मध्यरात्रि में सौराष्ट्र क्षेत्र के दीव और उना के बीच गुजरात तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया था। गुजरात में चक्रवाती तूफान के कारण तटीय इलाकों में भारी नुकसान हुआ, बिजली के खंभे तथा पेड़ उखड़ गए तथा कई घरों व सड़कों को भी नुकसान पहुंचा। इस दौरान हुई घटनाओं में करीब 13 लोगों की मौत भी हुई है। चक्रवाती तूफान के कारण 200 से अधिक तालुका में बारिश हुई।