जयपुर, 18 फ़रवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारी तेज करते हुए प्रदेश कार्यालय में शनिवार को डूंगरपुर से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा सहित बड़ी संख्या में भाजपा, एनसीपी एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सदस्यता ग्रहण करवाई।
उल्लेखनीय है कि कटारा 2013 से 2018 तक डूंगरपुर से भाजपा के विधायक रहे हैं। डूंगरपुर भाजपा के पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वह केजरीवाल की योजनाओं से और उनकी ईमानदारी से प्रभावित होकर सक्षम नेतृत्व विनय मिश्रा के सानिध्य में शनिवार को पावन दिवस महा शिवरात्रि पर प्रदेश व देश हित में आम आदमी पार्टी जॉइन कर रहे हैं।
देवेंद्र कटारा व अन्य साथियों को सदस्यता ग्रहण करवाते हुए आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी में ही वो दम है जिसने पूरे देश में मोदी- अडानी के गठबंधन का पुरजोर विरोध किया है। साथ ही अशोक गहलोत की पुलिस द्वारा लाठियां खाई है।
अपने उद्बोधन को जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत और मोदी का गुप्त गठबंधन भी बहुत मजबूत है। लोगों को यह बात समय आने पर समझ आएगी। उधर आम आदमी पार्टी-आम आदमी की आवाज बनकर निरंतर आगे बढ़ रही है। राजस्थान में भी वह आगामी चुनाव में अभूतपूर्व प्रदर्शन करने जा रही है।
इस अवसर पर देवेंद्र कटारा के साथ राजस्थान आदिवासी संघ डूंगरपुर के जिलाध्यक्ष रूपलाल डोडा, वर्किंग कमेटी राजस्थान के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह राव, धर्मेंद्र नजोमा, रूपशंकर ताबियाद, अमरदीप भगोरा, लक्ष्मण डोडियार, देवीलाल कोटेड, मोहनलाल डामोर,देवेंद्र अहारी, अभिषेक मोडिया, नारायण मोडीया आदि के साथ कांग्रेस की सहकारी समिति के जावर सिंह खींचड़ आदि दर्जनों लोगों ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर महाशिवरात्रि को एक उत्सव के रूप में मनाया।