कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें वायरल रेस्पिरेटरी इन्फेकशन है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। उनके साथ हास्पिटल में प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के कारण भर्ती कराया गया है।
सोनिया गांधी को श्वसन संबंधी वायरल इन्फेक्शन था और अपने रूटीन चेक अप के लिए वो अस्पताल पहुंची थीं। इस बात को लेकर बाद में अस्पताल प्रशासन ने एक बयान भी जारी किया। अस्पताल प्रशासन ने जारी किए गए बयान में बताया कि सोनिया गांधी को क्यों हॉस्टपिटलाइज्ड करना पड़ा।
सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन (बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट) डॉ. अजय स्वरूप ने बताया, ” कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को हमारे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्हें वायरल रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन की निगरानी और इलाज के लिए उन्हें चेस्ट मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया।” सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ अस्पताल गईं। उनके मुताबिक, सोनिया गांधी सांस संबंधी संक्रमण से जूझ रही हैं।
सोनिया गांधी मंगलवार से ही अस्वस्थ हैं, यही वजह है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा में सात किलोमीटर पैदल चलकर दिल्ली लौट आए थे। उत्तर प्रदेश के बागपत के मवीकलां में रात बिताने के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह 6 बजे फिर से शुरू हुई। हालांकि, प्रियंका गांधी यात्रा की बहाली में राहुल गांधी के साथ शामिल नहीं हुईं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि दोपहर बाद उनके शामिल होने की संभावना है।
इसके पहले सोनिया गांधी ने 24 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। सोनिया गांधी इसके पहले जून में 12 तारीख को इसी अस्पताल में भर्ती हुईं थीं। 2 जून को सोनिया गांधी को कोरोना संक्रमण भी हुआ था। कांग्रेस पार्टी ने सोनिया गांधी का हेल्थ अपडेट देते हुए बताया कि 12 जून 2022 को अचानक उनकी नाक से काफी खून बहने लगा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।