जम्मू-कश्मीर के पुंछ में मिनी बस खाई में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू कर दिया है। घायलों का इलाज जिला पुंछ अस्पताल में चल रहा है। अधिकारी ने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बस में 36 यात्री सवार थे।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी मृतकों के परिवार को 5 लाख और घायलों को 1-1 लाख रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया- पुंछ के सवजियां में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी जब पुंछ सड़क हादसे की जानकारी मिली तो उन्होंने भी हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि पुंछ में हुए हादसे में लोगों की मौत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये जबकि घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।