गांधी और पटेल की जयंती पर रक्तदान शिविर, बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज हुआ शामिल
मुंबई, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की संयुक्त जयंती के निमित्त सेवा सप्ताह के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा के मार्गदर्शन में मुंबई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के तत्वावधान में चल रहे सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद किया गया। जयंती की पूर्व संध्या पर घटकपोर पश्चिम के नारायण नगर स्थित राम मंदिर परिसर में हुए मेगा रक्तदान शिविर में सभी समाज के लोगों के साथ अल्पसंख्यक समाज के लोग शामिल हुए।
मुंबई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष वसीम आर खान ने बताया कि कोरोना काल में भी लोगों ने बड़ी संख्या अपना रक्तदान किया। अक्टूबर महीने में कई और जगह मुंबई अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर के साथ प्लाज़्मा दान का आयोजन किया जाएगा। मौजूदा हालात में हॉस्पिटल में रक्त की सख़्त ज़रूरत है। हम सभी मुंबईकरो से कोरोना मरीजों के लिए रक्तदान करने की अपील करते हैं। मोर्चा पिछले कई वर्षों से निरंतर मानव सेवा के कार्यों को अंजाम देता आ रहा है। इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना के साथ आध्यात्मिक गुरु देवेंदरभाई, समाजसेवक फ़ज़लुर्रहमान अंसारी, भाजपा नेता हाजी अक़ील शेख़, रफ़ीक कालदोरिया, इमरान अज़ीज़ी ख़ान, शमीम बानों, जूलियस जॉन और महाराष्ट्र अल्पसंख्यक मोर्चा महिला प्रमुख सुल्ताना खान आदि मौजूद थे।