मुंबई, 8 सितंबर । मुंबई में लगातार दो दिन से हो रही भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव शुरू हो गया है। इससे मुंबई के अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली, बोरीवली उपनगरों में जलभराव की वजह से यातायात बाधित होने लगा है। मुंबई नगर निगमकर्मी पंपिंग के सहयोग से जलनिकासी कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक मुंबई में मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में और कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र में भी भारी बारिश होने संभावना है। जानकारी के अनुसार मुंबई उपनगर में पिछले सवा घंटे से हो रही भारी बारिश के कारण उपनगरों के कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। अंधेरी पूर्व और पश्चिम को जोडऩे वाले अंधेरी सबवे में पानी भर गया है। अंधेरी सबवे में तीन से चार फीट पानी भरने के कारण आज अंधेरी सबवे भी यातायात के लिए बंद है। कल भी भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे को एक घंटे के लिए यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।
भारी बारिश से मुंबई को पानी सप्लाई करने वाला मोदकसागर दूसरी बार ओवरफ्लो हो गया है। इसी तरह ठाणे जिले के शाहपुर तहसील में भारी बारिश के कारण मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाला मध्य वैतरणा आज सुबह ओवरफ्लो हो गया है। इन दोनों जलाशयों से पानी की निकासी की जा रही है, इसलिए वाड़ा वसई के निचले इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।