मुंबई। डोंबिवली में दो लाख रुपये में पांंच माह के बच्चे को बेचने वाले पति-पत्नी व उनकी दलाली करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसे महिला व बाल विकास केंद्र को सौंप दिया है। मामले की छानबीन पुलिस उपायुक्त कडलक की देखरेख में जारी है।
जानकारी के अनुसार डोंबिवली के जननी आशीष बाल सुधारगृह में कार्यरत मानसी जाधव ने उल्हासनगर के गरीब दंपत्ति को उनका पांच माह का इकलौता बच्चा बेचने के लिए राजी किया था। इसके बाद मानसी जाधव ने दत्तक बच्चा लेने के लिए बाल सुधार गृह में रजिस्ट्रेशन कराने वाले एक परिवार से इस बच्चे को बेचने का सौदा किया।
बच्चा बेचने की बात निसंतान दंपति को नागवार गुजरी और उसने सारी जानकारी पुलिस के साथ महिला व बाल सुधारगृह को दी। जानकारी के आधार पर बाल सुधारगृह के विकास अधिकारी महेंद्र गायकवाड व पुलिस उपायुक्त कडलक ने नकली ग्राहक भेजकर आरोपियों को कल्याण स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अब तक छानबीन में पता चला है कि मानसी जाधव तीन बच्चों को बेच चुकी है।