मुंबई .अनादिकाल से भाद्रपद माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरितालिका तीज मनाई जाती है। महिलाओं के अखंड सुहाग के लिए मनाया जाने वाला तीज का यह त्योहार आज शुक्रवार 21 अगस्त को मनाया जायेगा। महिलाओं के लिए हरितालिका तीज सभी तीजों में सबसे बड़ी होती है। शास्त्रों के अनुसार हरितालिका तीज व्रत वैधव्य दोष नाशक है। इस व्रत को सबसे पहले माता पार्वती ने भगवान शिव शंकर के लिए रखा था। इसलिए इसमें गौरी-शंकर की उपासना की जाती है। हरितालिका तीज का व्रत पति को लंबी आयु और आरोग्य प्रदान करता है।
कल से 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत
विघ्नहर्ता गणपति का 10 दिवसीय गणेश उत्सव भाद्रपद शुक्ल पक्ष की विनायक चतुर्थी 22 अगस्त शनिवार से प्रारंभ हो रहा है। 31 अगस्त को अनंत चतुर्दशी पर गणपति बाप्पा की विदाई विसर्जन के साथ की जाएगी। कोरोना के संकट काल में बड़े बड़े सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों ने अत्यंत सूक्ष्म रूप से उत्सव मनाने का निर्णय कर छोटी मूर्ति स्थापित करने का फैसला किया है। यहां भक्तों के लिए प्रवेश वर्जित होगा। सिर्फ ऑन लाइन दर्शन उपलब्ध रहेगा।
गणपति स्थापना मुहूर्त
21 अगस्त को रात 11 बजे से चुतुर्थी तिथि शुरू हो रही है जो 22 अगस्त को शाम 7:57 बजे तक रहेगी। इसमें राहुकाल को छोड़कर गणपति की स्थापना की जा सकती है। पूजन का शुभ मुहूर्त दोपहर 12:45 बजे है। विशेष मुहूर्त सुबह 11:45 से दोपहर 12:45 बजे तक है।