अजमेर, 6 मार्च । पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव के तीसरे दिन सोमवार को 52 घाटों को सवा लाख दीपों से सजाया गया। इससे पहले शाम 4 से 6.30 बजे तक ब्रह्म चौक, होली का चौक और ब्रह्म वाटिका पर चंग, डफ, कच्छी घोड़ी और गैर नृत्य किया गया। प्रसिद्ध नाथूलाल सोलंकी सरोवर के जयपुर घाट पर शाम को नगाड़ा वादन किया। इस दौरान हेलिकॉप्टर जॉय राइड की शुरुआत भी की गई। ब्रह्म घाट सतरंगी रोशनी में नहाया हुआ है। विभिन्न तरह के फूलों से घाटों को सजाया गया है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, स्कूल टीचर, सिविल डिफेंस सहित अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घाटों पर दीपक जलाए। इससे पूरा पुष्कर जगमगा उठा। ब्रह्म घाट पर महाआरती के साथ ही आतिशबाजी भी हुई। प्रसिद्ध गायक पद्मश्री हरिहरन का म्यूजिक कॉन्सर्ट मेला मैदान में देर शाम 7:30 बजे हुआ।
होली महोत्सव को नया पहचान देने के लिए अगले दो दिनों तक हेलिकॉप्टर राइड शुरू की गई है। पांच मिनट की राइड के दौरान पुष्कर होली महोत्सव और कस्बे के विभिन्न इलाकों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति यात्री के लिए 6 हजार रुपए का शुल्क रखा गया है।
कंपनी के जनरल मैनेजर अंकित जांगिड़ ने बताया कि जॉय राइड का शुभारंभ आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ और जिला कलेक्टर अंशदीप ने किया है। उन्होंने पहली राइड का आनंद उठाया। जयपुर घाट पर नगाड़ा वादन का आयोजन किया गया। मशहूर कलाकार नाथू लाल सोलंकी की टीम ने शंख बजाकर इसकी शुरुआत की। इसे देखते हुए घाट पर बड़ी संख्या में देसी-विदेशी टूरिस्ट की भीड़ जमा हो गई। माहौल बनता देख आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़, जिला कलेक्टर अंशदीप, एसपी चुनाराम जाट, पुष्कर एसडीएम ने मिलकर ढोल बजाया।

पुष्कर में परंपरागत होली मंगलवार को मेला स्टेडियम से सटे रेतीले धोरों में होगी। इसमें डीजे डांस पार्टी भी शामिल होगी। डीजे की धुन पर देसी-विदेशी पर्यटक झूमेंगे। पहले यह कार्यक्रम वराह घाट व ब्रह्म चौक में होता था। पुलिस व प्रशासन की ओर से वराह घाट चौक व ब्रह्म चौक में डीजे पार्टी की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद पालिकाध्यक्ष कमल पाठक की पहल पर मेला ग्राउंड में पार्टी के आयोजन की अनुमति दी है। धुलंडी के दिन 7 मार्च को शाम 6:30 बजे गऊ घाट पर महा आरती होगी। मेला मैदान में शाम 7 बजे आतिशबाजी होगी। बॉलीवुड गायक अमित त्रिवेदी इस दिन अपनी प्रस्तुति मेला मैदान में देंगे।
इससे पहले रविवार को ऊंट पर एसपी चूनाराम जाट और आईजी रूपेन्द्र सिंह ने डांस किया था। शाम करीब चार बजे मेला ग्राउंड में कैमल शो की शुरुआत हुई थी। देर शाम तक ऊंट से संबंधित तमाम प्रतियोगिताएं कराई गईं थीं। इसका टूरिस्ट ने खूब आनंद उठाया था। शाम करीब 4.30 बजे ऊंटों को सजाने की प्रतियोगिता हुई थी। इसमें 10 ऊंटों ने भाग लिया था। ऊंटों के आगे शहनाई, नगाड़े लगे हुए थे। साथ ही कच्ची घोड़ी, कालबेलिया नृत्य और ढोल पार्टी जैसे कार्यक्रम भी हुए थे।