चुनाव आयोग पूर्वोत्तर के 3 राज्यों, त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनावों का ऐलान कर दिया है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। इसके अलावा मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। तीनों राज्यों का 2 मार्च को रिजल्ट आएगा।
नॉमिनेशन की तारीख-त्रिपुरा- 21 जनवरी से 30 जनवरी तक, मेघालय-नगालैंड- 31 जनवरी से 7 फरवरी तक होगी। वहीं, नाम वापसी की आखिरी तारीख: त्रिपुरा- 2 फरवरी, मेघालय-नगालैंड-10 फरवरी होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने राजधानी दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में तीनों राज्यों के चुनावी तारीख की घोषणा की। बीते दिनों चुनाव आयोग की टीम ने इन तीन राज्यों का चार दिवसीय दौरा किया था। जिसमें चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी बात की थी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 3 राज्यों – नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा की विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः 12 मार्च, 15 मार्च और 22 मार्च 2023 को समाप्त होने वाला है। त्रिपुरा में जहां भाजपा की सरकार है, वहीं मेघालय और नगालैंड में भाजपा गठबंधन में सरकार चल रही है। कुल मिलाकर ये चुनाव भाजपा के लिए साख का सवाल है।
त्रिपुरा में विधानसभा की कुल सीटें 60 है। यहां बहुमत का आकंड़ा 31 है। मेघालय में भी विधानसभा की कुल सीटों की संख्या 60 है। यहां भी बहुमत के लिए 31 सीटों पर जीत हासिल करना जरूरी है। इसी तरह नागालैंड में विधानसभा की कुल सीटें 60 है। यहां भी बहुमत का आंकड़ा 31 है।
इन तीनों राज्यों में संयुक्त रूप से 62.80 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 31.47 लाख और विकलांग मतदाताओं की संख्या 31,700 शामिल हैं। इस बार पहली बार 3 राज्यों में चुनाव में 1.76 लाख से अधिक मतदाता होंगे।
चुनाव आयोग ने बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्मीदवारों की संख्या 97 हजार से ज्यादा है। ये उम्मीदवार और पीडब्ल्यूडी मतदाताओं के लिए घर पर मतदान की सुविधा भी है। विधानसभा चुनाव में 9 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन होंगे। इन तीनों राज्यों में 2.28 लाख से अधिक नए वोटर जुड़े हैं।
साल 2023 में 9 राज्यों में होना है विधानसभा चुनाव
साल 2023 में होने वाले चुनावों की सरगर्मी तेज हो गई है। इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है। जिसकी शुरुआत नॉर्थ ईस्ट के तीन राज्यों से होने जा रही है। पूर्वोत्तर के तीन राज्य मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में सबसे पहले चुनाव होना है। इसके बाद कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होना है।