कोहिमा, 2 मार्च। पहाड़ी राज्य नगालैंड की 60 सदस्यीय विधानसभा के 59 सीटों पर गत 27 फरवरी को मतदान हुआ था। एक सीट पर भाजपा पहले ही निर्विरोध चुनाव जीत चुकी है। गुरुवार की सुबह 8 बजे से शुरू हुए मतगणना से प्राप्त रूझानों से यह साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो की पार्टी एनडीपीपी और भाजपा को राज्य में स्पष्ट बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है।
मतगणना में राज्य की सत्ताधारी पार्टी एनडीपीपी रूझानों में सबसे बड़ी पार्टी बनती दिखाई दे रही है। दोपहर बाद तक चुनाव आयोग के जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 60 में से 18 सीटों के परिणाम और 42 सीटों के रूझान सामने आए हैं। घोषित आंकड़ों के अनुसार एनडीपीपी 8 सीटें जीत चुकी है। वहीं भाजपा दो सीट, निर्दलीय दो सीट, एलजेपी (राम विलास) एक सीट, एनपीपी दो सीट, एनसीपी एक सीट और आरपीआई (अठावले) एक सीट जीत चुकी है।
रूझानों के अनुसार एनडीपीपी को कुल 25 सीटें मिलती दिखाई दे रहा है, जबकि भाजपा को कुल 14 सीटें मिलती दिख रही हैं। इस तरह राज्य में एक बार फिर से एनडीपीपी और भाजपा की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनने के आसार साफ दिखाई दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार विधानसभा चुनाव भाजपा और एनडीपीपी ने मिलकर लड़ा था। राज्य में कांग्रेस पार्टी का खाता खुलता नजर नहीं आ रहा है।