पता नहीं क्या मज़ा आता है या ये भी सुर्खियों में रहने की एक कला है जो भी हो मगर सुनील गावस्कर बनाम अनुष्का शर्मा विवाद जारी है। पहले सनी ने टिप्पणी की फिर उसका जवाब अनुष्का ने दिया। अब फिर सनी की टिप्पणी आई है। यानि अब फिर अनुष्का कुछ कहेगी। मने विवाद जारी है आईपीएल के मैचों के साथ इस तरह के विवाद का भी अपना मज़ा है। आपको याद होगा कि पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा पर टिप्पणी की थी जिसके बाद वो विवाद में फंस गए हैं। उनकी इस टिप्पणी पर अनुष्का शर्मा ने उन्हें करारा जवाब दिया था। सुनील गावस्कर ने अब अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच के दौरान विराट कोहली की असफलता के लिए कभी उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा को दोषी नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि यह महिला विरोधी टिप्पणी नहीं है और उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया।
किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान कोहली का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मैच के दौरान दो कैच छोड़ने के बाद कोहली बल्लेबाजी में भी विफल रहे और महज एक रन ही बना सके। जिस पर कमेंट्री बॉक्स में बैठे गावस्कर ने कोहली की पत्नी अनुष्का को लेकर टिप्पणी कर दी। यह टिप्पणी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान और अनुष्का के साथ उनके प्रशंसकों को अच्छी नहीं लगी और अनुष्का ने इस पर प्रतिक्रिया करते हुए अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक बयान डाला। उन्होंने इसे ‘बुरी टिप्पणी’ करार दिया।