मॉस्क नहीं लगाने वालों पर मनपा मेहरबान
1000 से घटाकर 200 रुपया का प्रावधान
भ्रष्टाचार रोकने के लिए कम किया जुर्माना
मुंबई, कोरोना संक्रमण की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मनपा प्रशासन द्वारा सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद भी बड़ी संख्या मेंलोग बिना मास्क पहने ही घर से बाहर निकल रहे हैं। इसको ध्यान में देखते हुए मनपा ने बिना मास्क पहनकर घूमते हुए लोगों से अब जुर्माना वसूल करने का निर्णय लिया है। शुरुआत में जुर्माने की रकम 1,000 रुपये तय की गई थी। लेकिन इसकी आड़ में अवैध वसूली करने के साथ जुर्माने की रकम में भ्रष्टाचार करने की शिकायत मिलने लगी थी।
इसको ध्यान में रखते हुए अब मनपा प्रशासन द्वारा जुर्माने की राशि को 1000 से घटाकर 200 रुपये करने का निर्णय लिया गया है, ताकि इससे भ्रष्टाचार को रोका जा सके। मनपा प्रशासन ने इस नए फैसले को तुरंत लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिया है। लॉकडाउन लगने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों के लिए मास्क का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया था। प्रशासन की तरफ से घन कचरा प्रबंधन विभाग को मास्क का उपयोग नहीं करने वालों पर 1,000 रुपये का जुर्माना वसूलने की जिम्मेदारी दी गयी थी। 9 अप्रैल से इस नियम को लागू भी कर दिया गया था। लेकिन जुर्माने की रकम को देखते हुए लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। साथ ही कुछ स्थानों से रिश्वत ले दे कर छोड़ने की भी खबर सामने आई। जिसके बाद अब जाकर जुर्माने की रकम को कम करने का निर्णय लिया गया। 200 रुपये की रकम न तो अधिक है और न ही कम, इसीलिए इस राशि को निर्धारित किया गया है। मनपा अधिकारी के अनुसार प्रशासन की असली मंशा लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय कोरोना से बचाव व जागरूक करना है। इसलिए जुर्माने की राशि सुधारकर 200 रुपये कर दिया गया है। लेकिन अब जुर्माने की वसूली के लिए नगर निगम के कर्मचारियों की नियुक्ति ‘मार्शल’ के रूप में की गई है।