दिल्ली, 15 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नरेन्द्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति का संयोजक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति घोषणा के साथ ही प्रभावी हो गई है।
मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होना है। इसको देखते हुए अनुभवी नेता तोमर को भाजपा ने यह जिम्मेदारी सौंपी है। तोमर मुरैना से लोकसभा सदस्य हैं और मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।