भारत आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 72वां जन्मदिन मना रहा है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में कई तरह के खास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अपने जन्मदिन पर पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में आठ चीतों को छोड़ा है।
भारत का 70 साल का इंतजार शनिवार को खत्म हो गया। नामीबिया से आए 8 चीतों ने देश की सरजमीं पर पहला कदम रखा। दरअसल, भारत में सात दशक बाद चीतों को देश में फिर से देखा जाएगा। इन चीतों को नामीबिया से स्पेशल विमान के जरिए लाया गया है। इन आठ अफ्रीकी चीतों का नया घर अब कूनो पालपुर नेशनल पार्क हो गया है।

नामीबिया से आठ चीतों को लेकर विशेष मालवाहक विमान से ग्वालियर लाया गया। इसके बाद इन्हें चिनूक हेलीकॉप्टर से कूनो राष्ट्रीय उद्यान ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा कि इन आठ चीतों में पांच मादा और तीन नर हैं। नामीबिया से ‘प्रोजेक्ट चीता’ के हिस्से के रूप में इन्हें भारत लाया गया है। राष्ट्रीय उद्यान में नामीबिया से आए चीता छोड़ने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि इससे भारत की प्रकृति प्रेरणा तेजी से जागृत होगी।
मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो राष्ट्रीय पार्क में नामीबिया से आए 8 छीतों को छोड़ने के बाद पीएम मोदी ने चीता मित्रों से संवाद किया। इस दौरान पीएम मोदी ने चीता से जुड़ी जानकरियां इन लोगों से साझा की। पीएम मोदी ने कहा कि इन चीतों का जरिए हमारे जंगल का एक बड़ा शून्य भर रहा है। हमारे यहां बच्चों को चीता के बारे में ज्यादा कुछ पता ही नहीं है। भारत में अब बच्चे चीता को अपने ही देश में देख पायेंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि आज हम पूरे दुनिया को संदेश दे रहे हैं कि हम पर्यावरण के साथ विकास भी कर सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हम पांचवी अर्थव्यवस्था भी बने हैं और पर्यावरण का संरक्षण भी कर रहे हैं।

बता दें कि भारत सरकार के स्पेशल बोइंग विमान ने चीतों को सवार कर शुक्रवार रात को नामीबिया से उड़ान भरी थी। लगभग 10 घंटे की लगातार यात्रा के दौरान चीतों को लकड़ी के बने खास पिंजरों में रखा गया था। लकड़ी के बने इन पिंजरों में हवा के लिए कई गोलाकार छेद किए गए। 24 लोगों की स्पेशल टीम के साथ चीते नामीबीया से सवार होकर सबसे पहले ग्वालियर एयरबेस पर उतरे। यहां उनका रुटीन चेकअप हुआ। चीतों के साथ नामीबिया के वेटरनरी डॉक्टर एना बस्टो भी आए हैं।

जैसे ही चीतों को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ तो इस ऐतिहासिक क्षण को कैद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीतों के कुछ फोटो क्लिक किए। चीतों को बाड़े में छोड़ने के बाद पीएम मोदी ने देश की जनता को संबोंदित किया।
पीएम ने कहा- कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए चीतों को देखने के लिए देशवासियों को कुछ महीने का धैर्य दिखाना होगा, इंतजार करना होगा। आज ये चीते मेहमान बनकर आए हैं, इस क्षेत्र से अनजान हैं। ये चीते कूनो नेशनल पार्क को अपना घर बना पाएं, इसके लिए हमें इंतजार करना होगा।