- विपक्ष ने किया नागपुर में विधानभवन की सीढिय़ों पर प्रदर्शन
मुंबई, 7 दिसंबर । उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नागपुर में विधानसभा में कहा कि सूबे में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और अकाल से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक मदद दी जाएगी। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रशासन को नुकसानग्रस्त फसलों का सर्वे कराने का आदेश दे दिया है और सर्वे का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
नागपुर में आज से शुरु विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन के पहले दिन विपक्ष ने विधानभवन की सीढिय़ों पर बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक मदद दिए जाने के लिए प्रदर्शन किया। इसके बाद विधानसभा के सभागृह में नेता प्रतिपक्ष विजय बडेट्टीवार ने कहा कि राज्य सरकार ने इससे पहले बारिश से जिन किसानों की फसले बर्बाद हो गई थी, उन्हें नुकसान भरपाई की रकम नहीं दी है। इसके बाद बेमौसम बारिश से फिर से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई है। धान , सोयाबीन , कपास, अनार, अंगूर आदि फसलों के उत्पादक किसान बर्बाद हो गए हैं और कर्जदार होने की वजह से आत्महत्या करने लगे हैं। सरकार की ओर से किसानों के बारे में सिर्फ घोषणा की जा रही है, जबकि मदद नहीं दी जा रही है। राज्य सरकार जल्द से जल्द किसानों को नुकसान भरपाई के रुप में आर्थिक मदद वितरित करे।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को हर तरह की मदद बढ़-चढक़र करने वाली है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ है। किसी भी स्थिति में किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, यह राज्य सरकार की भूमिका है। इसके बाद अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि इस मुद्दे पर शुक्रवार को विस्तृत चर्चा की जाएगी और राज्य सरकार को संक्षिप्त उत्तर देने का निर्देश दिया।