मुंबई: पालघर जिले में वाढ़वन के समीप समुद्र में मछली पकड़ने वाली नाव के जाल से 157 मिश्रित मछलियां मिलीं। मछुआरों को इन मछलियों के मांस और उसके अन्य हिस्सों की बिक्री से करीब 1.25 करोड़ रुपये मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक मुरबे इलाके के निवासी चंद्रकांत तरे और उनके आठ अन्य सहयोगियों ने मछली पकड़ने के लिए अपनी नाव ली। दहानु-वाढ़वन के सामने समुद्र में हरबा देवी नाव से करीब 20 से 25 जाल समुद्र में फेंके गए। जाल को समुद्र में छोड़े जाने के कुछ घंटों के बाद मछुआरों ने उसको बाहर निकाला, जिसमें करीब 12 से 25 किलो वजनी 157 मिश्रित मछलियां मिलीं।
सातपाटी में इन मछलियों की पहली नीलामी विफल होने के बाद फिर से मुरबे में 15 से 20 व्यापारियों की उपस्थिति में एक व्यापारी ने कम कीमत पर बोली लगाई। भोट एक विशेष प्रकार की मछली है, जिसकी हांगकांग, मलेशिया, थाईलैंड और अन्य देशों में बहुत मांग है। इसका उपयोग सौंदर्य प्रसाधन, दवाओं और सर्जरी के धागे के निर्माण में होता है। नर भोट को अधिक कीमत मिलती है, जबकि मादा भोट को कम।