मुंबई, 17 फरवरी (हि. स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता और पूर्व मंत्री जीतेंद्र आव्हाड को शुक्रवार को ठाणे सेशन कोर्ट ने सरकार अधिकारी मारपीट मामले में अग्रिम जमानत दे दिया है। इससे जीतेंद्र आव्हाड को राहत मिली है। हालांकि इस मामले में नौपाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने 4 राकांपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार ठाणे नगर निगम के सहायक आयुक्त महेश आहेर पर हमला करने के आरोप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता जीतेंद्र आव्हाड और उनके सात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट का मामला नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस ने 4 एनसीपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था, इससे जीतेंद्र आव्हाड की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई थी। इसीलिए शुक्रवार को सुबह ही जीतेंद्र आव्हाड के वकीलों ने आज सुबह अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी और कोर्ट ने जीतेंद्र आव्हाड को अग्रिम जमानत दे दी है।
दरअसल दो दिन पहले जीतेंद्र आव्हाड के परिवार वालों को जान से मारने संबंधित एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। इस आडियो क्लिप में आवाज ठाणे नगर निगम के सहायक आयुक्त महेश आहेर की लग रही थी। इसी वजह से जीतेंद्र आव्हाड समर्थकों ने ठाणे नगर निगम कार्यालय में महेश आहेर के साथ मारपीट की थी। इसके बाद महेश आहेर की शिकायत के आधार पर ठाणे के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में जीतेंद्र आव्हाड और उनके कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।