मुंबई, 13 जुलाई । पुणे जिले के अंबेगांव में गिरवली श्मशान घाट के पास गुरुवार को सुबह एक एसटी बस पुल से नाले में गिर गई। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं। इनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार एसटी बस कल्याण से भीमाशंकर जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे बारिश के दौरान अनियंत्रित होकर बस पुणे जिले के अंबेगांव तहसील के गिरवली में श्मशान घाट के पास पुल से 20 फीट नीचे नाले में गिर गई। बस में चालक, परिचालक सहित 37 लोग सफर कर रहे थे। दुर्घटना में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को निकाला।
बस के वाहक प्रवीण भास्कर काकड़े और चालक एसएच शेख ने बताया कि दुर्घटना के समय जोरदार बारिश होने से बस फिसलकर पुल से नीचे गिर गई।