अफगानिस्तान (Afghanistan) से बड़ी खबर सामने आ रही है। अफगानिस्तान के उत्तरी शहर ऐबक में एक मदरसे में बुधवार (30 नवंबर, 2022) को हुए विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, समांगन के ऐबक शहर के जहदिया मदरसे में दोपहर की नमाज के दौरान यह धमाका हुआ। विस्फोट के बाद 16 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, साथ ही 24 लोगो घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, धमाके के बाद मारे गए कुल लोगों में करीब 10 छात्र भी शामिल है।
आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल नफी ताकोर ने कहा कि उत्तरी समांगन प्रांत की राजधानी एबक में हुए विस्फोट में कई अन्य घायल हो गए। अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बल अपराधियों की पहचान करने की हर संभव कोशिश में लगे हुए हैं। जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया है। उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि अगस्त, 2021 के बाद से अफगानिस्तान पूरी तरह से तालिबान के कब्जे में है। एक तरफ तालिबान देश में शांति के दावे करता है, लेकिन उसके आने के बाद अफगानिस्तान में बम धमाकों की संख्या काफी बढ़ गई है। कुछ दिनों पहले भी यहां एक मोर्टार फटने की वजह से दो बच्चों की जान चली गई थी। इससे पहले सितंबर, 2022 में भी काबुल के एक कोचिंग इंस्टिट्यूट में हुए बम धमाके में 100 से ज्यादा स्टूडेंट मारे गए थे।