चीन के आर्थिक केंद्र शंघाई शहर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बाद लाकडाउन लगा दिया गया है। इस शहर में लाकडाउन के चलते करीब ढाई करोड़ से अधिक लोग घरों में बंद हो गए हैं। इस लाकडाउन के बाद शहर की सड़के और बाजार पूरी तरह से सूनसान हो गए हैं। ये निर्णय रविवार को ही ले लिया गया था। शहर के प्रशासन ने रविवार को जानकारी दी थी कि सोमवार से यहाँ टेस्टिंग को और बढ़ाया जाएगा।
रविवार को शंघाई में कोरोना के 3,450 नए मामले सामने आए थे। ये आंकड़ा देश में सामने आए कुल मामलों का 70 फीसदी है। चरणबद्ध लॉकडाउन के तहत शंघाई शहर को अगले 9 दिनों के लिए दो भागों में बांटा जाएगा। इसके बाद यहांबड़े पैमाने पर मास टेस्टिंग की जाएगी।
लॉकडाउन के दूसरे चरण में शहर को विभाजित करने वाली हुआंगपु नदी के पश्चिम में विशाल डाउनटाउन क्षेत्र शुक्रवार से अपना पांच दिवसीय लॉकडाउन शुरू करेगा। यह सुनिश्चित करने के लिए कि बाहरी दुनिया से कोई संपर्क न हो, निवासियों को घर पर ही रहना है। इस दौरान चेकप्वाइंट पर सामान रखे जाएंगे ताकि किसी से किसी का संपर्क न हो सके। इसके अलावा जो ऑफिस जरूरी नहीं है, वे बंद रहेंगे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी बंद रहेगा।
यहां पर एक बार फिर से वही माहौल देखा जा रहा है जो कोरोना महामारी के पहले वर्ष में था। कोरोना महामारी के दौरान शहर के लिए उठाया गया ये सबसे बड़ा कदम है। हुआंगपु नदी से लगते शहर में नौ दिनों का लाकडाउन लगाया है। इससे पहले सरकार यहां पर लाकडाउन लगाने को मना कर रही थी।