कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच चल रहे सीमा विवाद ने मंगलवार को उग्र रूप धारण लिया. कर्नाटक के बेलगावी के हीरे बागेवाड़ी में कर्नाटक रक्षण वेदिके (KRV) के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. महाराष्ट्र के ट्रकों पर पथराव किया गया. भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है.
बागेवाड़ी में कर्नाटक रक्षण वेदिके के कार्यकर्ताओं ने उन ट्रकों को रोका जिन पर महाराष्ट्र की नंबर प्लेट लगी थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र की कई गाड़ियों को निशाना बनाया और उन पर पथराव किया। कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर धरना-प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पुलिस ने कुछ को हिरासत में ले लिया।
महाराष्ट्र के साथ बढ़ते सीमा विवाद के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने दोनों राज्यों की जनता से कहा है कि वे सद्भाव न बिगाड़े। राज्य की सीमाओं और अन्य राज्यों में कन्नड़ भाषियों के हितों की रक्षा के लिए उनकी सरकार वचनबद्ध है।
बोम्मई ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि सीमा विवाद को लेकर कानूनी जंग में कर्नाटक की जीत होगी, क्योंकि राज्य का रुख कानूनी व संवैधानिक दोनों दृष्टि से है। हमें विश्वास है कि हम कानूनी लड़ाई जीतेंगे। इसलिए चुनाव के लिए इसे मुद्दा बनाने का कोई सवाल ही नहीं है। हम राज्य की सीमाओं और अपने लोगों और महाराष्ट्र, तेलंगाना और केरल में रहने वाले कन्नड भाषियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बोम्मई ने स्पष्ट किया कि कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनावों और सीमा विवाद का कोई संबंध नहीं है। कई वर्षों से महाराष्ट्र इस मुद्दे को उठाता रहा है। जैसा कि महाराष्ट्र ने विवाद खड़ा किया है, कर्नाटक से प्रतिक्रिया आई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कहा था कि वह अपने महाराष्ट्र के समकक्ष एकनाथ शिंदे से उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों को बेलगावी जाने से रोकने के लिए कहेंगे, क्योंकि उनकी यात्रा से सीमावर्ती जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।
दो मंत्रियों का बेलगावी दौरा निरस्त
रक्षण वेदिके के प्रदर्शन और तनाव की आशंका के चलते महाराष्ट्र के दो मंत्रियों ने अपने बेलगावी के दौरे को निरस्त कर दिया है। एकनाथ शिंदे सरकार के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और शंभूराज देसाई कर्नाटक जानेवाले थे। ये लोग बेलगावी में 850 गांवों के मराठी भाषियों से बात करने जा रहे थे और उन्हें इस बात की जानकारी देने वाले थे कि एकनाथ शिंदे सरकार ने उनके लिए पैकेज का ऐलान किया है। इन दोनों मंत्रियों की महाराष्ट्र एकीकरण समिति के कार्यकर्ताओं से मुलाकात होनी थी।
क्या है कर्नाटक महाराष्ट्र सीमा विवाद
कर्नाटक के सीमावर्ती इलाके जैसे बेलगावी, निपामी, कारवार में मराठी भाषियों की तादाद ज्यादा होने के आधार पर महाराष्ट्र का यहां दावा रहता है। कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने महाराष्ट्र के सोलापुर और अक्कलकोट के कुछ इलाकों पर दावा कर दिया और कहा कि वहां के लोग कर्नाटक में शामिल होना चाहते हैं। सीमा विवाद पर सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में जारी है। इस पूरे विवाद के निपटारे के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक समन्वय समिति का गठन किया है, जिसमें चंद्रकांत पाटिल और शंभूराज देसाई शामिल हैं।